तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने और किसान आंदोलन के समर्थन में मध्यप्रदेश कांग्रेस 27 फरवरी को रीवा में किसान महासम्मेलन करेगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ सहित वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। इसके पहले 20 फरवरी तक सभी जिलों में किसान संघर्ष पदयात्रा होगी। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और मध्य प्रदेश के सह प्रभारी हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस प्रदेश के 20 फरवरी तक सभी जिलों में निकालेगी किसान संघर्ष पदयात्रा
प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि 10 फरवरी से जिलों में किसान संघर्ष पदयात्रा निकाली जा रही है। 20 फरवरी तक सभी जिलों में पदयात्रा हो जाएगी। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और प्रदेश के प्रभारी सचिव सुधांशु त्रिपाठी और कुलदीप इंदौरा हिस्सा लेंगे। पदयात्रा के साथ-साथ संगठन की गतिविधियों और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बैठकें भी होंगी। 27 फरवरी को रीवा में किसान महासम्मेलन होगा, जिसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।