रूस-यूक्रेन के बीच लड़ाई के खत्म होने के फिलहाल कोई आसार नहीं नहीं आ रहे हैं। इससे सोमवार को कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमत 130 डॉलर पहुंच गई जिससे निवेशकों की धारणा बुरी तरह प्रभावित हुई। इससे घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) शुरुआती कारोबार में 1600 अंक से अधिक गिर गया जबकि नैशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 400 अंक से अधिक गिरावट आई।
सुबह 10 बजे सेंसेक्स 1514.08 अंक यानी 2.79% गिरावट के साथ 52,819.73 पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 459.95 अंक यानी 2.83% की गिरावट के साथ 15,785.40 अंक पर ट्रेड कर रहा था। ब्रॉडर मार्केट में सभी सेक्टरों में गिरावट दिख रही है। बीएसई मिडकैप (BSE MidCap) और स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.3 फीसदी गिरावट आई है। सेंसेक्स के शेयरों में ICIC Bank, Maruti, Bajaj Finance, L&T, और Asian Paints में पांच फीसदी तक गिरावट आई। निफ्टी में Eicher Motors, Britannia, और Tata Motors में गिरावट दिख रही है।
इन शेयरों में तेजी
दूसरी ओर मेटल और एनर्जी सेक्टर के कुछ शेयरों में तेजी दिख रही है। Coal India, ONGC, Tata Steel और Hindalco में 2.5 फीसदी तक तेजी आई है। निफ्टी बैंक (Nifty Bank), ऑटो (Auto) और रियलिटी (Realty) इंडेक्सेज में चार फीसदी तक गिरावट आई है। निफ्टी आईटी (Nifty IT) में 1.6 फीसदी गिरावट देखने को मिल रही है। केवल निफ्टी मेटल्स (Nifty Metals) में ही मामूली तेजी दिख रही है।